Dark Mode

प्रदेश सरकार के 8 मंत्री टिकट के इंतजार में, कांग्रेस प्रत्याशियों की दो सूचियां हो चुकी जारी - अब तक 20 मंत्रियों को मिल चुका टिकट, कई मंत्रियों की अटकी है सांस

प्रदेश सरकार के 8 मंत्री टिकट के इंतजार में, कांग्रेस प्रत्याशियों की दो सूचियां हो चुकी जारी

 

 

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस रह रह कर प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही है। पहली सूची में सिर्फ 33 और दूसरी सूची में 43 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। केंद्रीय चुनाव समिति में 100 से ज्यादा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय हो गए हैं तो फिर कांग्रेस की ओर से ये छोटी छोटी लिस्ट जारी क्यों की जा रही है। इस बारे में सीएम गहलोत का कहना है कि यह भी रणनीति का एक हिस्सा है।

 

8 मंत्री टिकट के इंतजार में

 

शनिवार 21 अक्टूबर और रविवार 22 अक्टूबर को कांग्रेस ने प्रत्याशियों की दो सूचियां जारी की। अब तक घोषित 76 प्रत्याशियों में 20 मंत्रियों को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। आठ मंत्री अभी भी लिस्ट में नाम आने का इंतजार कर रहे हैं। जो मंत्री प्रत्याशी बनने की आस लगाए बैठे हैं। उनमें शांति धारीवाल, डॉ. महेश जोशी, हेमाराम चौधरी, रमेश मीणा, लालचंद कटारिया, सालेह मोहम्मद, जाहिदा खान और सुभाष गर्ग शामिल हैं। गर्ग कांग्रेसी विधायक ना होकर राष्ट्रीय लोकदल से विधायक हैं जबकि अन्य मंत्री कांग्रेस से विधायक हैं।

 

इन 20 मंत्रियों को घोषित किया जा चुका प्रत्याशी

 

मौजूदा सरकार में गहलोत मंत्रीमंडल के 20 विधायकों को कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। इनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बीडी कल्ला, परसादी लाल मीणा, प्रमोद जैन भाया, महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, उदयलाल आंजना, प्रताप सिंह खाचरियावास, रामलाल जाट, विश्वेन्द्र सिंह, गोविंद राम मेघवाल, शकुंतला रावत, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, टीकाराम जूली, बृजेन्द्र ओला, मुरारी लाल मीणा, अर्जुन राम बामणिया, भंवर सिंह भाटी, सुखराम बिश्नोई, अशोक चांदना और राजेन्द्र यादव शामिल हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!