Dark Mode

करौली में हुआ सड़क हादसा, प्राइवेट स्कूल की बस पलटी तो सरकारी स्कूल के हेडमास्टर की नीचे दबने से हुई मौत, स्कूल से एक किलोमीटर पहले हुआ एक्सीडेंट - दो बेटे, दोनों सरकारी नौकर, हादसे के बाद घर में मचा कोहराम

करौली में हुआ सड़क हादसा, प्राइवेट स्कूल की बस पलटी तो सरकारी स्कूल के हेडमास्टर की नीचे दबने से हुई मौत, स्कूल से एक किलोमीटर पहले हुआ एक्सीडेंट

 

करौली। राजस्थान के करौली जिले में बुधवार 8 अप्रैल की सुबह बड़ा हादसा हो गया। निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के नीचे दबने से सरकारी स्कूल के हेडमास्टर की मौत हो गई। यह हादसा सूरौठ थाना क्षेत्र में धंधवाली के पास हुआ। हादसे के दौरान प्राइवेट स्कूल की बस ने हेडमास्टर की बाइक को टक्कर मारी और फिर बिजली के पोल को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई थी।

 

स्कूल जा रहे हेडमास्टर की हुई मौत

 

भुकरवाली निवासी 58 वर्षीय भूरी सिंह मीणा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधवाली में हेड मास्टर के पद पर कार्यरत थे। रोजाना की तरह बुधवार सुबह भी वे अपनी मोटर साइकिल से स्कूल जा रहे थे। उसी दौरान स्कूल पहुंचने से करीब 1 किलोमीटर पहले बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हादसा हो गया। सूरौठ स्थित निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर भुकरवाली से धंधावली जा रही थी। उसी बस ने भूरी सिंह की बाइक को टक्कर मार दी थी। टक्कर से बाइक दूर चली गई लेकिन हेडमास्टर भूरी सिंह स्कूल बस के नीचे दब गए।

 

गनीमत रही कि सभी बच्चे सकुशल हैं

 

निजी स्कूल की बस अलग अलग गांवों से बच्चों को लेकर सूरौठ स्थित स्कूल पहुंचती है। भूकरावली से लेकर धंधावली की ओर जा रही बस में कई स्कूल छात्र छात्राएं सवार थे। हादसा होने के समय निजी स्कूल बस बिजली की पोल से टकरा कर पलट गई थी। स्कूल बस पलटने से कोहराम मच गया। बच्चों की चीख पुकार मच गई। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।

 

दो बेटे, दोनों सरकारी नौकर

 

58 वर्षीय भूरी सिंह मीणा की पत्नी प्रेमदेवी गृहणी हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा ऋषि मीणा रेलवे में टेक्निशियन हैं जिनकी पोस्टिंग मध्य प्रदेश के गुना में है। दूसरा बेटा रामकेश भी रेलवे में है। रामकेश बेंगलुरु में स्टेशन मास्टर हैं। बेटी रीना बीए बीएड हैं। भूरी सिंह की मौत से परिवार में गम का माहौल है। सूरौठ थाना पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाली बस को जब्त कर लिया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!