Dark Mode

CM के सामने पुलिस अफसर दिखाएंगे सिंगिंग टैलेंट, इंस्पेक्टर से लेकर सीनियर IPS अधिकारी सजाएंगे सुरों की महफिल, 16 अप्रैल को होगा कार्यक्रम - ADG प्रफुल्ल कुमार, IG डॉ. रवि, एडिशनल SP मिताली गर्ग, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार 'पीके मस्त' और दलबीर सिंह फौजदार के नाम शॉर्ट लिस्ट में शामिल

CM के सामने पुलिस अफसर दिखाएंगे सिंगिंग टैलेंट, इंस्पेक्टर से लेकर सीनियर IPS अधिकारी सजाएंगे सुरों की महफिल, 16 अप्रैल को होगा कार्यक्रम

 

जयपुर - राजस्थान पुलिस के अफसरों को अक्सर उनके सख्त मिजाज की छवि के रूप में देखा जाता है लेकिन पुलिस के कई अधिकारी ऐसे भी हैं जिनमें एक कलाकार छिपा होता है। उनकी कला के बारे में कम ही लोगों को पता है। कई अफसर अच्छे खिलाड़ी हैं तो कई अधिकारी ऐसे भी हैं जो सिंगिंग के मास्टर हैं। हालांकि उनकी ये खूबियां पब्लिक के सामने कम ही आती है। इस बार राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर पुलिस के बड़े अफसर अपना सिंगिंग टैलेंट पेश करने वाले हैं। परफॉर्मेंस से पहले पुलिस अफसर लगातार रिहर्सल भी कर रहे हैं।

 

सीएम के सामने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे पुलिस अफसर

 

क्या आपने कभी राजस्थान पुलिस के सीनियर अफसरों को खाकी वर्दी में गाने गाते हुए देखा है। शायद नहीं। अब पहली बार ऐसा मौका आने वाला है जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के सामने अपना सिंगिंग टैलेंट दिखाएंगे। जी हां, 16 अप्रैल को राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर इस बार सीनियर आईपीएस स्तर के अधिकारियों यानी एडीजी रैंक के अफसरों से लेकर इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में अपना सिंगिंग टैलेंट पेश करने वाले हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम के मुख्यमंत्री होंगे। डीजीपी राजीव शर्मा सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक पुलिस के अफसर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। सिंगिंग टैलेंट वाले अफसरों की संख्या काफी है लेकिन आयुक्तालय स्तर पर चुनिंदा पुलिस अफसरों की लिस्ट तैयार की जा रही है जो मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुति देंगे। एडीजी हेडक्वार्टर हवा सिंह घुमरिया और एडिशनल पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच बेस्ट सिंगर अफसरों की शॉर्ट लिस्ट तैयार कर रहें हैं।

 

सीनियर आईपीएस अधिकारी दिखाएंगे सिंगिंग टैलेंट

 

राजस्थान पुलिस के खुफिया विभाग यानी एडीजी इंटेलीजेंस प्रफुल्ल कुमार, आईजी डॉ. रवि और एडिशनल एसपी मिताली गर्ग सहित एक दर्जन से ज्यादा पुलिस अधिकारी ऐसे हैं जिनका नाम सिंगिंग परफॉर्मेंस के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। सोशल मीडिया पर मोटिवेशनल स्पीकर और कॉमेडियन के रूप में पहचान बना चुके पुलिस इंस्पेक्टर पीके मस्त यानी प्रवीण कुमार भी अपनी परफॉरमेंस देने वालों में शामिल हैं। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार राजस्थान पुलिस के 'चुलबुल पांडे' के रूप में चर्चित हैं जो वर्तमान में जयपुर आयुक्तालय की ट्रैफिक विंग में तैनात हैं। वे मजाकिया अंदाज में लोगों को ट्रैफिक नियम समझाने के लिए विख्यात हैं।

 

सोशल मीडिया के सिंगिंग स्टार दलबीर फौजदार

 

जयपुर आयुक्तालय के श्याम नगर थाना प्रभारी दलबीर सिंह फौजदार भी सिंगिंग स्टार के रूप में पहचान रखते हैं। वे पिछले कई वर्षों से लगातार फिल्मी तराने और भजन गाते रहे हैं। वे अक्सर अपने सोशल मीडिया पेज पर स्वयं के गाये हुए गीतों के वीडियो अपलोड करते रहते हैं। उनकी गायकी के हजारों दीवाने हैं। 16 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम में पुलिस इंस्पेक्टर दलबीर सिंह फौजदार को भी मुख्यमंत्री के सामने गाने का मौका मिलने जा रहा है।

 

पुलिस के लिए होंगी बड़ी घोषणाएं

 

राज्य स्तरीय पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सभी अधिकारी शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी घोषणाएं भी की जाने वाली है। पिछले साल राज्य सरकार ने पुलिसकर्मियों के मेस भत्ते, वर्दी भत्ते में बढोतरी का ऐलान करने के साथ रोडवेज की एक्सप्रेस और सेमी डिलक्स बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की थी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!