Dark Mode

वन मंत्री संजय शर्मा से हुई थी IAS मुकुल शर्मा की 'तू तू मैं मैं', राज्य सरकार ने दे दिया बड़ा इनाम - मुख्यमंत्री से विश्वासपात्र बने IAS शर्मा, विशिष्ठ सचिव की जिम्मेदारी मिली

वन मंत्री संजय शर्मा से हुई थी IAS मुकुल शर्मा की 'तू तू मैं मैं', राज्य सरकार ने दे दिया बड़ा इनाम

 

जयपुर। 31 मार्च की देर रात को राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। 65 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर किए गए जिनमें 25 जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए। इस ट्रांसफर लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम आईएएस मुकुल शर्मा का नजर आया। सीकर जिला कलेक्टर रहे मुकुल शर्मा को मुख्यमंत्री का विशिष्ठ सचिव बनाया गया है। याद कीजिए करीब तीन महीने पहले सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा और प्रभारी मंत्री संजय शर्मा में तीखी नोकझोंक हुई थी। लोगों की भीड़ के बीच मंत्री ने कलेक्टर को भला बुरा कहते हुए गंभीर आरोप तक लगा डाले थे। उन्हीं मुकुल शर्मा को अब राज्य सरकार ने बड़ा इनाम दिया गया।

 

'आप चोरों को संरक्षण दे रहे हैं' - मंत्री

 

दिसंबर 2025 में वन मंत्री संजय शर्मा सीकर दौरे पर गए थे। वे सीकर के जिला प्रभारी मंत्री हैं। दौरे के दौरान जनसुनवाई के सार्वजनिक कार्यक्रम में वन मंत्री संजय शर्मा ने जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा को जमकर फटकार लगा दी। वन मंत्री ने कहा कि 'आप चोरों को संरक्षण दे रहे हैं और ऐसे लोगों को खुली छूट देकर सीधे-सीधे राजस्व का नुकसान करवा रहे हैं।' मंत्री के इस तीखे बयान से मौके पर मौजूद अधिकारियों में सन्नाटा फैल गया था।

 

मुख्यमंत्री से शिकायत की धमकी भी दी

 

प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने कलेक्टर मुकुल शर्मा को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि प्रशासनिक लापरवाही और मिलीभगत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार नहीं किया तो इसकी रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी। कलेक्टर को धमकी देकर मंत्री नाराज होते हुए चले गए। अब उन्हीं कलेक्टर साहब को सीधे मुख्यमंत्री ऑफिस में एंट्री मिली है।

 

सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था वीडियो

 

मंत्री द्वारा जिला कलेक्टर को फटकारने की घटना सार्वजनिक कार्यक्रम में हुई थी। लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हुआ। उन दिनों ऐसा लगा कि मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री से शिकायत करने पर कुछ एक्शन हो सकता है लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। एक्शन की बात तो दूर राज्य सरकार ने आईएएस मुकुल शर्मा को मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ी जिम्मेदारी दी है।

 

कौन हैं आईएएस मुकुल शर्मा

 

आईएएस मुकुल शर्मा मूलरूप से जयपुर के रहने वाले हैं। 90 के दशक में राजस्थान प्रशासनिक सेवाओं के लिए उनका चयन हुआ था। लंबे समय तक आरएएस रहने के बाद दो साल पहले ही वे पदोन्नत होकर आईएएस बन गए थे। सितंबर 2024 में उन्हें पहली बार उन्हें कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली थी। उन्हें सीकर का कलेक्टर बनाया गया। अब डेढ साल बाद उन्हें मुख्यमंत्री का विशिष्ठ सचिव बनाया गया है। 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!