Dark Mode

सीकर की गंदगी पर फूटा मंत्री दिलावर का गुस्सा: 6 अधिकारी सस्पेंड, सीईओ-एसीईओ को चार्जशीट - मंत्री ने सीईओ को फोन पर लगाई कड़ी फटकार

सीकर की गंदगी पर फूटा मंत्री दिलावर का गुस्सा: 6 अधिकारी सस्पेंड, सीईओ-एसीईओ को चार्जशीट

सीकर। जिले की ग्राम पंचायतों में फैली गंदगी ने रविवार को उस समय बड़ा प्रशासनिक भूचाल खड़ा कर दिया, जब शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मौके पर हालात देख सख्त रुख अपनाया। जयपुर से चूरू जाते समय मंत्री दिलावर ने सीकर जिले की कई ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत ठीकरिया, रेवासा और बाजोर में हालात बदतर मिले—गांवों में कचरे के ढेर, सड़कों पर फैला पानी, कीचड़ और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप नजर आई। रेवासा में गंदगी के अंबार देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे सवाल किया—“क्या रोज झाड़ू लगती है? क्या सफाई कर्मचारी आते हैं?” ग्रामीणों ने साफ कहा कि न झाड़ू लगती है और न ही कचरा उठाने की कोई व्यवस्था है। इसके बाद मंत्री ने तुरंत जिला परिषद सीईओ को फोन कर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सवाल किया—“क्या आप कभी गांवों में जाकर निरीक्षण करते हैं? हर जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है।” मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यदि इस गंदगी से बीमारी फैलती है, तो उसकी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से लगातार सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ।

तुरंत एक्शन: 6 अधिकारी सस्पेंड

मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दिलावर ने पलसाना और पिपराली पंचायत समिति के 2 बीडीओ, 2 एबीडीओ और 2 स्वच्छता प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परिषद के सीईओ और एसीईओ को चार्जशीट देने के आदेश भी जारी किए। मंत्री ने साफ कहा कि यदि स्वच्छता के लिए आवंटित राशि का दुरुपयोग हुआ है, तो संबंधित अधिकारियों से उसकी वसूली भी की जाएगी। सीकर की इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि सरकार अब ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय है। ( साभार - डीबी )

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!