Dark Mode

फिर राजस्थान आ रहे हैं PM नरेंद्र मोदी, 21 अप्रैल को पचपदरा में करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन, 79 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुई रिफाइनरी - 12 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, बड़े पैमाने पर पैदा होंगे रोजगार के अवसर

फिर राजस्थान आ रहे हैं PM नरेंद्र मोदी, 21 अप्रैल को पचपदरा में करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन, 79 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुई रिफाइनरी

 

 

जयपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। वे 21 अप्रैल को बालोतरा स्थित पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी दो महीने में लगातार दूसरी बार राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले वे 28 फरवरी को अजमेर दौरे पर आए थे। उस समय उन्होंने अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली से प्रदेश में 16,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया था और 21 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे थे।

 

सबसे आधुनिक रिफाइनरी

 

पचपदरा रिफाइनरी देश की सबसे आधुनिक बीएस-6 मानक की रिफाइनरी है। यहां रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल प्लांट एक साथ विकसित किए जा रहे हैं। यह पूरी तरह से जीरो लिक्विड एफ्लूएंट डिस्चार्ज परियोजना है। यानी क्रूड ऑयल रिफाइनिंग के दौरान किसी भी तरह का तरल कचरा बाहर नहीं जाएगा। यह पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

 

सालाना रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन टन

 

पचपदरा रिफाइनरी की सालाना रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन टन कच्चे तेल की है। साथ ही यहां 2 मिलियन टन क्षमता का पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भी स्थापित किया गया है। रिफाइनरी के लिए कुल 7.5 मिलियन टन कच्चा तेल अरब देशों से मंगाया जाएगा, जबकि प्रदेश में उत्पादित करीब 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का भी उपयोग किया जाएगा। जनवरी से ही रिफाइनरी के पहले चरण के ट्रायल रन (कच्चे तेल का प्रसंस्करण) की तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसमें जल्द कमर्शियल उत्पादन शुरू हो जाएगा। प्रोजेक्ट से बाड़मेर-जैसलमेर में इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित होगा। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स व सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

 

सीएम भजनलाल ने किया स्वागत

 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी के दौरे की जानकारी देते हुए अपने सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर लिखा कि 'मुझे यह जानकारी देते हुए अत्यंत हर्ष और गर्व की अनुभूति हो रही है कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, हम सभी के मार्गदर्शक, यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी आगामी 21 अप्रैल 2026 को पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण हेतु वीरधरा राजस्थान पधार रहे हैं। यह रिफाइनरी मारवाड़ सहित पूरे राजस्थान के आर्थिक कायाकल्प और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली 'भाग्य रेखा' सिद्ध होगी। माननीय प्रधानमंत्री जी का राजस्थान की समस्त जनता की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।

 

12 किमी नई रेल लाइन बिछेगी

 

करीब 79 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही इस रिफाइनरी से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। क्रूड ऑयल रिफाइनिंग और बायो-प्रोडक्ट्स के उत्पादन से माल ढुलाई भी बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए बालोतरा से पचपदरा के बीच बंद पड़ी रेल लाइन को दोबारा शुरू करने की तैयारी है। कुछ महीने पहले ही इसका सर्वे हुआ था। बालोतरा से पचपदरा और रिफाइनरी साइट तक करीब 12 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन एचआरआरएल की ओर से बिछाई जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!